मुख्यमंत्री धामी ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ, शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों को किया नमन

August 14, 2026 6:50 PM

देहरादून, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों, वीर-वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरता और राष्ट्रभक्ति की परंपरा पूरे देश के लिए प्रेरणा है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। राज्य में लगभग दो लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 30 से अधिक नई नीतियाँ लागू की गई हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। धर्मांतरण विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से शासन व्यवस्था अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में सरकारी सेवाओं में 34 हजार से अधिक नियुक्तियाँ की गई हैं। शिक्षा, पर्यटन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया जाना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उत्तराखंड की बढ़ती पहचान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment