‘नियमों की सही समझ ही बेहतर प्रशासन की पहचान’, ‘सेवा विधि’ पुस्तक के विमोचन पर बोले मुख्यमंत्री धामी

July 22, 2026 7:10 PM

देहरादून :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक उत्तराखंड के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ साबित होगी, क्योंकि इसमें सरकारी सेवा से जुड़े नियमों, संवैधानिक व्यवस्थाओं, शासनादेशों और न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों को व्यवस्थित और सरल रूप में प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि उन्हीं नियमों के माध्यम से जनता का जीवन आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि कई अधिकारी नियमों की आत्मा को समझते हुए जनहित में बेहतर निर्णय लेते हैं और यही एक अच्छे लोकसेवक की पहचान है। जनता जब किसी सरकारी कार्यालय में अपनी समस्या लेकर आती है, तो उसे समयबद्ध, पारदर्शी और न्यायसंगत समाधान मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति केवल योजनाओं और बजट से नहीं होती, बल्कि एक सक्षम, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था से होती है। यदि अधिकारी नियमों की स्पष्ट समझ के साथ कार्य करेंगे तो सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा और जनता का सरकार पर विश्वास भी मजबूत होगा।

पुस्तक के लेखक आर.सी. लोहनी ने बताया कि ‘सेवा विधि’ में नियुक्ति, आरक्षण, परिवीक्षा, स्थायीकरण, पदोन्नति, स्थानांतरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सेवा समाप्ति, स्वैच्छिक एवं अनिवार्य सेवानिवृत्ति, अवकाश, राजभाषा अधिनियम, आचरण नियमों सहित सरकारी सेवाओं से जुड़े लगभग सभी महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण फैसलों का सार भी पुस्तक में दिया गया है, जिससे यह सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शिका के रूप में कार्य करेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment