कांवड़ मेले को लेकर सरकार अलर्ट, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा और वाटर एंबुलेंस की होगी व्यवस्था

July 3, 2026 8:33 AM

हरिद्वार : हरिद्वार में आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मेले की व्यवस्थाओं का विस्तृत खाका तैयार किया गया। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Oplus_16908288

प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि कांवड़ मेले के सफल संचालन के लिए 18 करोड़ 53 लाख रुपये की मांग की गई है, जबकि कुल प्रस्तावित बजट 21 करोड़ 38 लाख रुपये रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस बार कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी और विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य अभिनंदन भी किया जाएगा।

Oplus_16908288

सरकार की ओर से प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पेयजल, पार्किंग, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाएं, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पहली बार कांवड़ मेले में वाटर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था भी तैयार रखी जाएगी।

प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने डीजे के साथ आने वाले कांवड़ यात्रियों से अपील की कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण से बचें। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment