हरिद्वार:- कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने गंगा कॉरिडोर से जुड़ी तीन विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास कर हरिद्वार के धार्मिक और पर्यटन विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व है और इसकी प्रत्येक व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं, महिलाओं के लिए अलग शौचालय और आपदा प्रबंधन जैसी सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। साथ ही स्थानीय लोगों को भी किसी तरह की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सीसीआर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और पिछले वर्ष लगाए गए पौधों की स्थिति का निरीक्षण किया।

मेला नियंत्रण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।





