हरिद्वार :- कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने इस बार हाईटेक व्यवस्था लागू की है। पहली बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए QR Code आधारित ट्रैफिक सूचना प्रणाली शुरू की गई है। इस QR Code को स्कैन करते ही मोबाइल पर ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, यात्रा मार्ग और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध हो जाएंगी।

यातायात पुलिस का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सही समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराना और शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति को कम करना है। QR Code प्रमुख स्थानों पर लगाए जा रहे हैं, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

यात्रा के लिए तैयार ट्रैफिक प्लान के अनुसार मुजफ्फरनगर और मेरठ से आने वाले वाहनों को अब्दुल कलाम चौक से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा। वहीं बिजनौर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग नीलधारा पार्किंग में कराई जाएगी। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

हरिद्वार ट्रैफिक पुलिस ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं के सहयोग से कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।




