भवाली: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के स्थापना दिवस और वार्षिक मेले-2026 को लेकर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। मेले के दौरान 1500 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवान तैनात किए गए हैं। वहीं SDRF, ATS, BDS और LIU की टीमें भी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है, जबकि भीमताल, भवाली, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम समेत कई स्थानों से शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं। पार्किंग स्थलों को भी सुव्यवस्थित किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में दिक्कत न हो।
15 जून की सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही वार्षिक मेले का शुभारंभ होगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचेंगे।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करते हुए अपनी यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाएं। बाबा नीब करौरी महाराज की तपोभूमि में आस्था और सेवा का यह संगम एक बार फिर भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर करने जा रहा है।




