नेगी के गीतों को मिली वैश्विक पहचान, संस्कृति संरक्षण पर सरकार का जोर

August 12, 2026 2:29 PM

देहरादून: उत्तराखंड की लोक संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों के अंग्रेजी अनुवाद पर आधारित पुस्तक ‘Mountain Melodies of Narendra Singh Negi’ का विमोचन किया।

देहरादून में आयोजित ‘नरेंद्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि नेगी के गीत केवल संगीत नहीं, बल्कि उत्तराखंड के समाज, संस्कृति और संवेदनाओं का जीवंत दस्तावेज हैं। उन्होंने कहा कि जागर, मांगल, छोपाटी जैसे लोकगीत और ढोल, दमाऊ, हुड़का, मशक जैसे लोक वाद्य हमारी सांस्कृतिक पहचान की आधारशिला हैं।

मुख्यमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के प्रख्यात अभिनेता और रंगकर्मी ताई तुगुंग को ‘नरेंद्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान-2026’ प्रदान करते हुए कहा कि हिमालयी राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाने में ऐसे रचनात्मक व्यक्तित्वों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने बताया कि सरकार लोककलाओं के संरक्षण के लिए गुरु-शिष्य परंपरा के तहत प्रशिक्षण कार्यशालाएँ आयोजित कर रही है, पारंपरिक वाद्ययंत्र और वेशभूषा उपलब्ध करा रही है तथा साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में कार्य करने वाले कलाकारों को सम्मान और आर्थिक सहयोग भी दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को केवल पर्यटन राज्य नहीं, बल्कि साहित्य और संस्कृति के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसी लक्ष्य के तहत प्रदेश में दो साहित्य ग्राम, हिमालय सांस्कृतिक केंद्र, आर्ट गैलरी और संग्रहालय जैसी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment