देहरादून,6 अगस्त:- उत्तराखंड सरकार ने समाज कल्याण योजनाओं के तहत बड़ा कदम उठाते हुए 9,87,017 पेंशन लाभार्थियों के खातों में ₹146.32 करोड़ की राशि सीधे ट्रांसफर की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से जुलाई 2026 की पेंशन किश्त DBT के माध्यम से जारी की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी और बिना किसी भ्रष्टाचार के पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को सम्मान के साथ उनका अधिकार मिलना चाहिए।


किन योजनाओं में कितना भुगतान?
- वृद्धावस्था पेंशन: 6.15 लाख लाभार्थी
- विधवा पेंशन: 2.36 लाख लाभार्थी
- दिव्यांग पेंशन: 89 हजार लाभार्थी
- किसान पेंशन: 27 हजार लाभार्थी
- परित्यक्ता, तीलू रौतेली, भरण-पोषण और बौना पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भी राशि जारी की गई।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि इस बार NSAP के 2.15 लाख पेंशनरों को भी नई SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है, ताकि समाज के कमजोर वर्ग को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके.




