देहरादून: – चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। खराब मौसम के चलते 20 जुलाई को अस्थायी रूप से रोकी गई यात्रा अब दोबारा शुरू कर दी गई है। यात्रा मार्गों का निरीक्षण और सुरक्षा समीक्षा पूरी होने के बाद प्रशासन ने यात्रा संचालन को हरी झंडी दे दी है।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के अनुसार चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। यात्रा मार्गों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि भारी बारिश या भूस्खलन के कारण मार्ग बाधित होता है तो जल्दबाजी न करें। सुरक्षित स्थानों और होल्डिंग एरिया में रुकें तथा प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें। मौसम सामान्य होने के बाद ही आगे बढ़ें।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट अवश्य देखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान देने के बजाय केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।




