देहरादून :- उत्तराखण्ड के नवनियुक्त वित्त सचिव रणवीर सिंह चौहान से सोमवार को राज्य निगम कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने सचिवालय में शिष्टाचार भेंट की। प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास में उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

बैठक के दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने राज्य के विभिन्न निगमों में कार्यरत कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को वित्त सचिव के समक्ष रखा। उन्होंने कर्मचारियों के वित्तीय एवं प्रशासनिक मामलों के समयबद्ध समाधान की आवश्यकता पर जोर देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नए नेतृत्व में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।
महासंघ ने यह भी कहा कि कर्मचारी राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण भागीदार हैं और यदि उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान होता है तो निगमों की कार्यक्षमता और जनसेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के साथ समन्वय बनाकर राज्यहित में कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
वित्त सचिव रणवीर सिंह चौहान ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के संरक्षण और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विषयों पर वित्तीय अनुशासन और नियमों के अनुरूप निष्पक्ष एवं सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए उत्तराखण्ड के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महासंघ के प्रदेश महामंत्री नन्दलाल जोशी, अजयकान्त, इंजीनियर जयपाल सिंह चौहान, बुद्धि सिंह रावत, सुनील पुण्डीर, दलीप रावत, विमल भण्डारी, ललित शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। शिष्टाचार भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।




