रुद्रप्रयाग, 20 जुलाई :- उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया है। यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण जनपद रुद्रप्रयाग समेत चारधाम यात्रा मार्ग के कई हिस्सों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की स्थिति बनी थी। संबंधित विभागों ने अधिकांश मार्गों को खोल दिया है, लेकिन मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए फिलहाल यात्रा आगे नहीं बढ़ाई जा रही है।
गढ़वाल आयुक्त के निर्देश पर चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है। मौसम सामान्य होने, ऑरेंज अलर्ट समाप्त होने और यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे रवाना किया जाएगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।




