देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में उत्तराखंड भाजपा ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्गों में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं मंडल स्तर के प्रशिक्षण वर्गों में भी प्रदेश अपने जोन में शीर्ष पर रहा है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान के जोनल प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने प्रशिक्षण वर्गों की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों और 304 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संपन्न हुए हैं, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिला है।
अमरपाल मौर्य ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और इन्हीं के सामर्थ्य के बल पर भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में जीत की हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने प्रशिक्षण अभियान से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए भविष्य के प्रशिक्षण वर्गों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भी प्रशिक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने देशभर में प्रथम स्थान मिलने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समीक्षा बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, ज्योति प्रसाद गैरोला, नेहा जोशी, जगमोहन रावत, हिमांशु संगथानी सहित प्रशिक्षण अभियान से जुड़े कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।




