देहरादून, 8 अगस्त 2026: उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शनिवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और फील्ड स्टाफ अभियान में मेहनत से कार्य कर रहे हैं, इसलिए उनका लगातार प्रोत्साहन किया जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण आवागमन प्रभावित है, वहां विसंगति वाले मामलों में BLO आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर अपनी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई के लिए ERO और AERO को सुविधाजनक रणनीति बनाकर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।


बैठक में सभी जिलों में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में जाकर मतदाताओं से सीधे संवाद करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति न रहे।


देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारियों को नोटिसों की सुनवाई के लिए अधिक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप से हाल के जनपद भ्रमण का फीडबैक लिया गया तथा दोनों मंडलायुक्तों को नियमित फील्ड विजिट जारी रखने को कहा गया।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित दोनों मंडलायुक्त और सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।




