देहरादून, 6 अगस्त :- उत्तराखंड सरकार गौलापार (नैनीताल) में बन रही उत्तराखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी को राज्य के सबसे महत्वपूर्ण खेल संस्थानों में विकसित करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परियोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि हर निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी केवल डिग्री देने वाला संस्थान नहीं होगी, बल्कि यह खिलाड़ियों की पहचान, प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, अनुसंधान और उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण का समग्र केंद्र बनेगी।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएं
- अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान और स्टेडियम
- आधुनिक इनडोर और आउटडोर खेल परिसर
- स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मेडिसिन सेंटर
- हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सुविधाएं
- खेल अनुसंधान और प्रबंधन के लिए विशेष केंद्र
- खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए आधुनिक छात्रावास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। जिला और ब्लॉक स्तर तक खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ यह विश्वविद्यालय उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.





