देहरादून :- डीजी सूचना एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आज के दौर में केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही किसी व्यक्ति की सफलता का पैमाना नहीं हैं। जीवन में आगे बढ़ने के लिए ज्ञान के साथ चरित्र, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तित्व का ऐसा विकास करें, जिससे वे समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणा बन सकें।

देहरादून के नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बंशीधर तिवारी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी या करियर तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसा नागरिक तैयार करना होना चाहिए, जो नैतिक मूल्यों से प्रेरित होकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सके।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा के अंक और डिग्रियां जीवन की शुरुआत भर हैं। वास्तविक सफलता ईमानदारी, अनुशासन, धैर्य, संवेदनशीलता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति से हासिल होती है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं, वही भविष्य में नेतृत्व की भूमिका निभाते हैं।
बंशीधर तिवारी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसलिए आवश्यक है कि वे आधुनिक ज्ञान और तकनीक के साथ नैतिक नेतृत्व, नवाचार और जिम्मेदार नागरिकता को भी अपनाएं। उन्होंने सफलता मिलने पर विनम्र बने रहने और अपने परिवार, शिक्षकों तथा समाज के प्रति कृतज्ञ रहने का संदेश भी दिया।
उन्होंने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास जगाते हैं और उन्हें बड़े सपने देखने की प्रेरणा देते हैं।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, संस्थानों के प्रतिनिधियों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।




