आधुनिकता और परंपरा का संतुलन हीविकास का मार्ग- सीएम धामी

February 17, 2026 1:01 PM

देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेल नगर में आयोजित ‘मातृ संस्कार समागम’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मातृशक्ति को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “मजबूत परिवार ही मजबूत राष्ट्र की नींव है।” उन्होंने अपने बचपन और निजी जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि संघर्ष, अनुशासन और संस्कारों ने ही उनके व्यक्तित्व को आकार दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को महान पद नहीं, बल्कि सशक्त चरित्र और स्पष्ट उद्देश्य महान बनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में माता के सर्वोच्च स्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि परिवार समाज की मूल इकाई है। यदि परिवार सशक्त होगा तो समाज और राष्ट्र भी सशक्त होंगे। उन्होंने प्रभु श्रीराम–माता कौशल्या, भगवान श्रीकृष्ण–माता यशोदा और छत्रपति शिवाजी–माता जीजाबाई के उदाहरण देते हुए मातृसंस्कारों की महत्ता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने आधुनिकता और परंपरा के संतुलन पर बल देते हुए ‘कुटुंब प्रबोधन’ को समय की आवश्यकता बताया और कहा कि परिवार केवल सामाजिक ढांचा नहीं, बल्कि संस्कारों का प्रथम विद्यालय है।

कार्यक्रम में श्रीमती गीता धामी ने सेवा और समर्पण की भावना को समाज की मजबूती का आधार बताया। उन्होंने बच्चों में संवेदना, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के संस्कार विकसित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर ‘सप्त मातृ शक्ति सम्मान’ के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सात महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और प्रदेशभर से आई मातृशक्ति उपस्थित रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment