पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार तड़के एक अनियंत्रित ट्रक खड़ी कार पर पलट गया, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस के मुताबिक ट्रक राजस्थान से टाइल्स लेकर देहरादून आ रहा था। आशारोड़ी के पास ढलान पार करने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज रफ्तार और ढलान के कारण ट्रक सीधे मोहब्बेवाला चौक पर खड़ी कार से टकराया और उसके ऊपर पलट गया। टक्कर के तुरंत बाद आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में दोनों वाहन लपटों से घिर गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में ट्रक चालक को चोटें आई हैं। आग लगने से पहले वह वाहन से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। कार में उस समय कोई मौजूद नहीं था।
कार स्वामी भगवानपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जो मंगलवार रात किसी कार्य से देहरादून आया था और होटल के बाहर वाहन खड़ा किया था।
घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। पुलिस ट्रक चालक की पहचान और हादसे के सटीक कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण ढलान पर ट्रक का नियंत्रण खोना माना जा रहा है।




