हरिद्वार। उत्तराखंड में 7 मार्च को बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक आयोजन होने जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरिद्वार आगमन का प्रस्तावित कार्यक्रम सामने आया है। वे बैरागी कैंप मैदान में आयोजित सहकारिता मेले में हिस्सा ले सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करने के साथ राज्य में सहकारिता क्षेत्र और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी संभावित है।

प्रशासनिक स्तर पर तेज हुई हलचल :-
संभावित दौरे को लेकर शासन और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और डीजीपी दीपम सेठ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इससे पहले डामकोठी में उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा, प्रोटोकॉल और आयोजन प्रबंधन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

रक्षा मंत्री के शामिल होने की चर्चा :-
सूत्रों के मुताबिक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है, लेकिन संभावित संयुक्त दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से सुदृढ़ किया जा रहा है।
सुरक्षा, ट्रैफिक और व्यवस्थाओं पर फोकस :-
बैरागी कैंप क्षेत्र को मुख्य आयोजन स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां मल्टी-लेयर सुरक्षा प्लान, पार्किंग जोन, वीआईपी मूवमेंट रूट, भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक डायवर्जन की रूपरेखा तैयार की गई है। कार्यक्रम स्थल पर सहकारिता योजनाओं और आगामी कुंभ से संबंधित तैयारियों की प्रदर्शनी भी प्रस्तावित है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी :-
तैयारियों की समीक्षा के दौरान गृह सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी-गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका, डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत भुल्लर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का उद्देश्य कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।




