ऋषिकेश :- बद्रीनाथ धाम में सामने आए कथित चोरी के मामले को लेकर भैरव सेना ने प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है। भैरव सेना के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के तुरंत बाद संगठन की कोर कमेटी की आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।


संदीप खत्री के अनुसार, बैठक के बाद मंदिर प्रशासन को एक औपचारिक पत्र भेजा गया है। इस पत्र में मांग की गई है कि जिस कर्मचारी का नाम इस प्रकरण में सामने आया है, उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। साथ ही, पूरे मामले की प्रशासनिक स्तर पर गहन जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए।

भैरव सेना ने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है तथा इस प्रकार के मामलों में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई आवश्यक है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए।




