रामनगर :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर धनगढ़ी नाले के ऊपर 29.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 220.90 मीटर लंबे धनगढ़ी सेतु का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।


राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर निर्मित यह पुल काशीपुर, रामनगर, मार्चुला और बुवाखाल मार्ग को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क सेतु है, जो कुमाऊँ और गढ़वाल मंडलों के बीच आवागमन को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाएगा। यह मार्ग जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और आवश्यक सेवाओं के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि धनगढ़ी सेतु का लोकार्पण केवल एक पुल का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के वर्षों के संघर्ष और अपेक्षाओं की सार्थक परिणति है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान धनगढ़ी नाले में जलस्तर बढ़ने से मार्ग बाधित हो जाता था, जिससे आमजन, पर्यटकों और आपातकालीन सेवाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “सेवा, सुशासन और विकास” के मंत्र पर कार्य करते हुए प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि धनगढ़ी सेतु और जल्द लोकार्पित होने वाला पनौद पुल क्षेत्रीय विकास, सुरक्षित आवागमन और जनकल्याण के मजबूत आधार स्तंभ साबित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गर्जिया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।




