जांच रिपोर्ट से पहले बद्रीनाथ धाम की छवि खराब करने से बचें, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: महेंद्र भट्ट

July 5, 2026 7:53 PM

देहरादून :- भारतीय जनता पार्टी ने बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की अपील की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि धामों की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी प्रयास से दूर रहना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक सभी पक्षों को धैर्य रखना चाहिए।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि जैसे ही बद्रीनाथ धाम में कथित गड़बड़ी की सूचना मिली, तत्काल जांच शुरू कर दी गई। जांच के दौरान सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों की भी गहन पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर पूरा भरोसा है। भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में सरकार हमेशा सख्त कार्रवाई करती रही है और आगे भी ऐसा ही किया जाएगा।

भट्ट ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर कयासबाजी करना उचित नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की चर्चाएं कहीं न कहीं उत्तराखंड के पवित्र धामों की छवि को नुकसान पहुंचाने और श्रद्धालुओं की आस्था को प्रभावित करने की कोशिशों का हिस्सा हो सकती हैं।

उन्होंने कहा कि सनातन आस्था और चारधाम यात्रा की गरिमा को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस संवेदनशील विषय पर बेहद जिम्मेदारी के साथ टिप्पणी की जानी चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment