रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर के चलते रुद्रप्रयाग स्थित नमामि घाट पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जबकि नदी का तेज बहाव प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है।

गढ़वाल क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश का असर नदियों और नालों पर दिखाई देने लगा है। अलकनंदा नदी के उफान पर आने से नदी तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से नदी किनारों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, ऐसे में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने, अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन व पुलिस को सूचना देने की अपील की है।




