कांवड़ यात्रा में सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता पर रहेगा विशेष फोकस, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

July 6, 2026 4:10 PM

देहरादून :- आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखण्ड सरकार ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव ने यूपीसीएल को कांवड़ यात्रा मार्गों का पावर सप्लाई ऑडिट कराने और भविष्य के लिए स्थायी विद्युत व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष टीमों के गठन पर जोर देते हुए कहा कि होटल, ढाबे, धार्मिक भंडारे, अस्थायी खाद्य स्टॉल, रेस्टोरेंट और दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं की नियमित जांच और सैंपलिंग की जाए।

उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही, पड़ोसी राज्यों के साथ जल्द अंतर्राज्यीय बैठक आयोजित कर बेहतर समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment