9 अगस्त तक बारिश के आसार, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में बिजली गिरने की चेतावनी

August 4, 2026 9:06 AM

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का दौर फिलहाल थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने 9 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश की संभावना जताई है। मंगलवार को देहरादून और बागेश्वर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, चंपावत और नैनीताल के कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Oplus_16908288

राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह हुई तेज बारिश ने शहर की रफ्तार धीमी कर दी। कई क्षेत्रों में जलभराव, फिसलन और ट्रैफिक की समस्या देखने को मिली। बारिश के कारण स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि 6 अगस्त तक अधिकांश स्थानों पर और 7 से 9 अगस्त तक अनेक स्थानों पर बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ने, छोटे नालों और गधेरों में उफान आने तथा भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने की आशंका है।

Oplus_16908288

हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लिए बिजली गिरने की चेतावनी को देखते हुए लोगों से खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े न होने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment