देहरादून :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी और स्थानीय लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है और राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी उत्तराखंड के पर्यटन की पहचान है। जब भी वेडिंग डेस्टिनेशन या पर्यटन की बात होती है, तो मसूरी का नाम सबसे पहले आता है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने बताया कि मसूरी के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण, और गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने जैसे कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क सुदृढ़ीकरण, ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण, और सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य जैसी योजनाएं क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास को मजबूत आधार देंगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।




