चमोली, 14 अगस्त 2026। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों व बचाव दलों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल लगभग तीन किलोमीटर लंबी है। टनल के करीब 1.5 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से हादसा हुआ।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा।


जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को रेस्क्यू अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है।
रेस्क्यू किए गए घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में किया जा रहा है, जहां चिकित्सकों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है।
मुख्यमंत्री ने घायलों के बेहतर उपचार, उनके परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान पूरी गंभीरता, सावधानी और समन्वय के साथ जारी रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




