सेवा पखवाड़े में मुख्यमंत्री धामी ने लाभार्थियों से किया संवाद, विभागीय स्टॉलों का लिया जायजा

July 5, 2026 6:10 PM

चम्पावत:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत के बूमघाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद कर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी तैयार की। मुख्यमंत्री के सहज और आत्मीय व्यवहार से महिलाओं और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर निक्षय योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को पोषण किट भी वितरित की। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों, पूर्व सैनिकों, व्यापार मंडल, कृषक समूहों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर और विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचना का विकास नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण करना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment