देहरादून : देहरादून स्थित सिटी फॉरेस्ट पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आम नागरिकों, योग प्रेमियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास किया। सुबह से ही पार्क में लोगों का उत्साह देखने लायक था। प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।


इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का आधार भी है। आज की व्यस्त जीवनशैली में योग को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नियमित अभ्यास के माध्यम से निरोग एवं संतुलित जीवन जीने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति योग को अपनाए, तो एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण संभव हो सकेगा।







