कांवड़ यात्रा में स्वास्थ्य सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस, 32 मेडिकल कैंप और 24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती

July 31, 2026 12:38 PM

देहरादून/हरिद्वार, 31 जुलाई। कांवड़ यात्रा में लाखों शिवभक्तों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कांवड़ पटरी मार्ग सहित 32 प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को निशुल्क उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है।

Oplus_16908288

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने जानकारी दी कि यात्रा के प्रथम दिन ही 446 शिवभक्तों को विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में उपचार प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी शिविरों में आवश्यक दवाइयां, ऑक्सीजन, प्राथमिक उपचार सामग्री, चिकित्सा उपकरण और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की है। इसके साथ ही गंभीर स्थिति वाले मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान शरीर में पानी की कमी न होने दें, अत्यधिक थकान से बचें और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें। उन्होंने कहा कि निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर समय पर उपचार लेने से गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग लगातार कांवड़ यात्रा की निगरानी कर रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित यात्रा के साथ-साथ समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment