चमोली :- श्री बद्रीनाथ धाम में मंदिर की धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था को भंग करने का प्रयास एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। चमोली पुलिस ने गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे के जरिए अवैध वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए एक व्यक्ति को पकड़कर उसके खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान जयप्रकाश पांडे पुत्र श्रद्धा प्रसाद पांडे, निवासी मुंबई के रूप में हुई है। आरोपी मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में छिपे हुए स्पाई कैमरे के माध्यम से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहा था, जो मंदिर की गोपनीयता और निर्धारित नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान किया। साथ ही आरोपी के कब्जे से प्राप्त सभी वीडियो और फोटो को मौके पर ही डिलीट कराया गया, ताकि मंदिर की सुरक्षा और गोपनीयता से कोई समझौता न हो।
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे चारधाम यात्रा के दौरान धार्मिक स्थलों की गरिमा और प्रशासनिक नियमों का सम्मान करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।




