रुद्रप्रयाग, 6 जुलाई :- बद्रीनाथ धाम में कथित चोरी के मामले को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने कहा है कि मंदिर समिति इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है और जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

विजय कप्रवाण ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी सबसे पहले सोशल मीडिया के माध्यम से मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल मंदिर समिति के अध्यक्ष और मुख्य कार्याधिकारी से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए 24 घंटे के भीतर एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया गया है, जो सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और मंदिर समिति किसी भी मामले को छिपाने के पक्ष में नहीं है। समिति ने उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाएगी।

विजय कप्रवाण ने कहा कि यात्रा अवधि के दौरान मंदिर समिति के कर्मचारियों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले पूरे मंदिर समिति तंत्र पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




