देहरादून, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ ही गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन शिकायतों के निस्तारण में प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रत्येक शिकायतकर्ता को समय पर राहत मिलनी चाहिए।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जन समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रदेश के सभी क्षेत्रों का संतुलित विकास है।


इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा और चारधाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बुग्याल उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं और इनसे स्थानीय लोगों की आजीविका तथा पर्यटन गतिविधियां जुड़ी हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार के बीच संतुलन स्थापित करते हुए पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं के समाधान में तत्परता और संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




