देहरादून : राजधानी देहरादून के लाल पुल क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक सिटी बस ने सड़क किनारे मौजूद मजदूरों को कुचल दिया, जिससे छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घायल मदद की गुहार लगाते रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआती समय में घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई वाहन चालक आगे नहीं आया। हालात ऐसे बन गए कि पुलिस को राह चलते वाहनों को रुकवाना पड़ा। वहीं, एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए ई-रिक्शा और ऑटो की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारण इलाके में लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, जबकि अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है।




