हरिद्वार को मिलेगी नई पहचान, सीएम धामी ने 235 करोड़ की चार गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं का किया शुभारंभ

July 21, 2026 12:22 PM

हरिद्वार :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत करीब 235 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं आगामी महाकुंभ-2027 और हर वर्ष आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं व कांवड़ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगी।

अलकनंदा होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। वहीं 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी और सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ परियोजनाओं को पूरा करने की कार्यसंस्कृति पर विश्वास करती है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

सीएम धामी ने कहा कि गंगा कॉरिडोर के साथ राज्य सरकार केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और विवेकानंद कॉरिडोर जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन, हस्तशिल्प और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment