उत्तरकाशी :- उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। टनल के बड़कोट छोर से करीब 900 मीटर अंदर शॉटक्रीट लाइनिंग का एक हिस्सा टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब दो बजे उस समय हुआ, जब टनल के भीतर निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक कंक्रीट लाइनिंग का ब्लॉक गिरने से श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मामले का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को मौके पर भेजा। उन्होंने हादसे के कारणों की जांच, कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों का निरीक्षण और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, सभी वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने तथा टनल में कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं, एनएचआईडीसीएल भी अपने स्तर पर हादसे की विस्तृत जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।




