धामी के जन्मदिन पर मुख्यसेवक सदन में उमड़ा जनस्नेह, प्रदेशभर से पहुंचे लोग

September 16, 2026 4:44 PM

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में उत्साह और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह से ही मुख्यसेवक सदन में बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा।


युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सभी मुख्यमंत्री से मिलने और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए उत्साहित नजर आए। लोगों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और पुष्पमालाएं भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही मैदानी जिलों से भी लोग मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने पहुंचे।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी से आत्मीयता से मुलाकात की और जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है और यही उन्हें लगातार उत्तराखंड की सेवा करने की प्रेरणा देता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता की सेवा करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार एवं प्रतिनिधि भी मुख्यसेवक सदन पहुंचे और मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment