युवा शक्ति से बनेगा विकसित उत्तराखंड, धामी ने युवाओं से लिए तीन संकल्प

September 16, 2026 5:13 PM

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड, देहरादून में आयोजित “युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। अपने जन्मदिवस को युवा शक्ति के बीच मनाए जाने पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं का आभार जताया और कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार के बल पर विकसित भारत के साथ विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य को भी आगे बढ़ाया जा सकता है।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसरों के लिए अपना गांव और प्रदेश छोड़ने की मजबूरी न हो। उन्होंने युवाओं से रोजगार तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने का भी आह्वान किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल तकनीक तेजी से रोजगार के स्वरूप को बदल रही हैं। ऐसे में युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार आधुनिक कौशल से जोड़ना जरूरी है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के जरिए भी स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने राज्य युवा आयोग को युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ नशे और साइबर अपराध जैसी सामाजिक चुनौतियों के प्रति भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया। पहला, जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करना, दूसरा स्वयं नशे से दूर रहना और दूसरों को भी नशे से बचाना तथा तीसरा, सफलता हासिल करने के बाद अपने ज्ञान और सामर्थ्य का कुछ हिस्सा उत्तराखंड के विकास में लगाना। उन्होंने युवाओं से तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की भी अपील की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment