देहरादून:- उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार तेज़ होता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 15 घंटों के लिए राज्य के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई शाम 7:06 बजे से 28 जुलाई सुबह 10:06 बजे तक चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी के पुरोला, बड़कोट और गंगोत्री, रुद्रप्रयाग के केदारनाथ और सोनप्रयाग, चमोली के बद्रीनाथ, थराली और नंदा देवी क्षेत्र, पिथौरागढ़ के मुनस्यारी, बेरीनाग, गंगोलीहाट और डीडीहाट तथा ऊधम सिंह नगर के जसपुर, रुद्रपुर और खटीमा सहित आसपास के इलाकों में कई दौर की तेज़ से अत्यंत तेज़ बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

लगातार बारिश को देखते हुए पहाड़ी जिलों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, सड़कें बंद होने और छोटे नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बढ़ गया है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम का असर पड़ सकता है, इसलिए यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की ताज़ा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं, उफनते जलस्रोतों को पार करने का प्रयास न करें और बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों या ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े न हों। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव संसाधन तैयार रखे गए हैं। नागरिकों से केवल मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की गई है।




