देहरादून :- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन की भागीदारी से साकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों के बीच लगातार अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है। उत्तराखंड में भी ‘सेवा ही संगठन’ की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा।

देहरादून में आयोजित भाजपा उत्तराखंड की संगठनात्मक बैठक में तरुण चुग ने प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियानों, बूथ सशक्तिकरण और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।



बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व सांसद जमयांग सेरिंग नामग्याल, राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, प्रदेश महामंत्री कुन्दन परिहार, दीप्ति रावत भारद्वाज सहित सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, सह-प्रभारी और जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया।

बैठक से पहले तरुण चुग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य, जनभागीदारी, संगठन विस्तार और ‘सेवा ही संगठन’ अभियान को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के बीच सेवा कार्यों को और मजबूत करना है।




