देहरादून :- उत्तराखंड में भारी बारिश के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन सचिव से प्रदेश की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियां किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग को समन्वित तरीके से कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने को कहा।



मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने, भूस्खलन संभावित स्थानों की निगरानी बढ़ाने और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।


सभी जिलाधिकारियों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने और किसी भी घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन का हर कदम जन सुरक्षा और जनहानि रोकने के उद्देश्य से होना चाहिए।


मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है।

सरकार ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले सड़क और मौसम की अद्यतन जानकारी अवश्य लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी राहत दल और आवश्यक संसाधन पूरी तरह तैयार हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी




