उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। महुआडाबरा नगर पंचायत में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक स्थानीय सभासद भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत सड़क से बुलेट मोटरसाइकिल हटाने को लेकर हुई। रास्ता देने के मुद्दे पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते दोनों ओर से लोग इकट्ठा हो गए और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया।

घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति ने बताया कि मामले में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और दबिश दी जा रही है।
फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।




